बालू लदे वाहनों की रफ्तार बनी जानलेवा, हादसे में युवक की मौत; पुलिस पर मिलीभगत का आरोप, सड़क जाम
धुरकी (गढ़वा)। धुरकी थाना क्षेत्र के बरसोती गांव के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार भंडार गांव निवासी विजय लोहरा और कृष्णा कोरवा बाइक से धुरकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में विजय लोहरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कृष्णा कोरवा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सड़क जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध बालू लदे वाहनों का परिचालन खुलेआम हो रहा है और पुलिस की मिलीभगत से यह धंधा चल रहा है। उनका कहना है कि हर बालू गाड़ी से पुलिस द्वारा वसूली की जाती है, जिसके कारण रात में तेज रफ्तार से वाहन चलते हैं और लगातार हादसे हो रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने दोषी वाहन चालक और संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, मृतक के परिजनों को मुआवजा तथा घायल के समुचित इलाज की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने में जुटी रही।





