हमीर उत्सव को दोबारा शुरू किया जाएगा, मुख्यमंत्री ने हमीरपुर वासियों की भावना को किया स्वीकार : सुनील शर्मा बिट्टू
हमीरपुर 26 अक्तूबर। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुरवासियों की भावनाओं को समझते हुए हमीर उत्सव को दोबारा शुरू करने की मंजूरी दे दी है।
सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को हमीरपुरवासियों और विशेषकर युवाओं की भावनाओं से अवगत करवाते हुए हमीर उत्सव के आयोजन की परंपरा को फिर से आरंभ करने की मांग रखी थी।
सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर वासियों की भावना को अधिमान देते हुए हमीर उत्सव को फिर से शुरू करने की हामी भर दी है और इस उत्सव को नवंबर महीने मैं बड़े धूम धाम से मनाया जाएगा। इसकी तारीख जल्दी ही तय कर दी जाएगी ।
मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हमीर उत्सव सात साल से बंद था और लोग काफी समय से इसे दोबारा शुरू करने की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने जनभावनाओं को समझते हुए इसे दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हमीर उत्सव हमीरपुर की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। इसके दोबारा शुरू होने से क्षेत्र की सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय व्यापारियों और लोगों को भी लाभ होगा।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हमीर उत्सव के आयोजन को लेकर आवश्यक प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी , ताकि नवंबर माह में इसके आयोजन को धूमधाम से मनाया जा सके।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हमीरपुर की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी।


.jpg)



