BREAKING NEWS

logo

फिर एक आदिवासी युवक चढ़ा पलायन की भेंट....


फिर एक आदिवासी युवक  चढ़ा पलायन की भेंट....

साथियों द्वारा शव को घर लाने का किया जा रहा प्रयास

पंचायत प्रतिनिधियों ने जिला व प्रखंड प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

मृतक युवक के परिजनों का रो रो कर बुरा है हाल
 
बेरमो : पेटरवार प्रखंड के चांपी पंचायत बड़की टांड  निवासी बालेश्वर मांझी के 25 वर्षीय पुत्र सागर कुमार चौड़े की मौत बीते शाम बेंगलुरु में अज्ञात वाहन के चपेट में आने से मौके पर ही हो गयी। इस संदर्भ मे मृतक युवक के परिजनो ने जानकारी देते बताया कि सागर बीते तीन दिन पूर्व ही बेंगलुरु काम करने के लिए गया था जहाँ उसे प्राइवेट कंपनी में नौकरी भी लग चुकी थी। दूसरे दिन काम करने के बाद शाम को लौटने के क्रम में जब गाड़ी से उतरकर ह अपने रुम जा रहा था उसी समय सड़क पार करने के दरम्यान अचानक अज्ञात वाहन के चपेट में आने से दुर्घटना घटी और मौके पर ही उसकी मौत हो। इसकी जानकारी स्वजनों को मिलते ही स्वजनों का हाल रो रो बुरा हो गया है। खबर मिलते ही पूरे गाँव मे मातम छा गया। मृतक के साथ गये साथियो द्वारा शव को घर लाने का पुरा प्रयास किया जा रहा है। वही पंचायत  प्रतिनिधियों को खबर मिलते ही जिप सदस्या माला कुमारी, वार्ड सदस्य विजय महतो तथा कई गणमान्य व्यक्तियों ने बड़कीटांड पहुँचकर मृतक के परिजन को हिम्मत एंव ढ़ाढ़स बंधाया। जिप सदस्या माला कुमारी ने दूरभाष पर जिला अधिकारी एवं पेटरवार सीओ से बात कर शव को लाने का आग्रह किया। मृतक अपने पीछे माता पिता व बड़े भाई को छोड़ गया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक के शव के आने की कोई सूचना नही है। इस संदर्भ मे चांपी के पूर्व मुखिया श्रीराम हेंब्रम ने कहा ग़रीबी, बरोजगारी, लाचारी का आलम वर्तमान समय मे चरम पर है,यहाँ काम नहीं मिलने के कारण युवक दूसरे प्रदेश पलायन करते है लेकिन अधिकतर अपनी जान गवाँ देते है। अगर यहां के जनप्रतिनिधि, राज्य व केंद्र सरकार द्वारा उद्योग लगाया जाता तो स्थानीय गरीब बेरोजगार को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता। ज्ञात हो की पेटरवार, कसमार, गोमिया, बेरमो, नावाडीह आदि प्रखंड के अधिकांश युवक रोजगार के तलाश मे दूसरे राज्य पलायन करते है जहाँ से अधिकांश युवक जीते-जी नहीं आ पाते हैं,वापस आती है तो उनकी लाश। इस पलायन को रोकने की कोई व्यवस्था केंद्र व राज्य सरकार द्वारा नहीं की जा रही जिसका परिणाम बराबर  इसी रुप में देखने को मिल रहा है।