पश्चिम सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र में अवैध पोस्ता (अफीम) की खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम इटी विरदा, केराबासा एवं जलमय के पास के जंगल क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से पोस्ता की खेती की गई है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक अमीत रेणु के आदेश तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर (प्रभार चक्रधरपुर) के निर्देश पर सभी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करते हुए एक छापेमारी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान ग्राम इटी विरदा में लगभग दाे एकड़, केराबासा में करीब 15 डिसमिल तथा जलमय में लगभग तीन एकड़ खेत में लगी अवैध पोस्ता की फसल को नष्ट कर दिया गया। इस संबंध में संबंधित आरोपिताें के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है।
मामले में नामजद आरोपित जिठुवा कोंगाडी (55) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। अन्य आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
छापेमारी टीम में बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार, हरिशचंद्र प्रसाद, योगेश चन्द्र बोइपाई और सशस्त्र बल शामिल थे।

