सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बिमल कंडुलना की शनिवार को सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बिमल शुक्रवार की रात को अपने एक अन्य दोस्त बेनेदिक कंडुलना के साथ उस समय गम्भीर रूप से घायल हो गया था, जब उसकी बाइक एक बिजली खंभे से टकरा गई थी। बिमल रनिया थाना क्षेत्र के बलँकेल गांव का रहने वाला था।
जानकारी के अनुसार, बिमल मजदूरी करने के लिए चेन्नई जाने के लिए घर से निकला था। ट्रेन छूट जाने के बाद उसने गांव के अपने दोस्त बेनेदिक को बाइक लेकर स्टेशन बुलाया। दोनों पोकला स्टेशन से वापस गांव लौट रहे थे। मारचा मोड़ के पास उनकी मोटरसाइकिल एक बिजली के खंभे से टकरा गई और दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तोरपा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल भेज दिया गया, जहां बिमल की मौत हो गई।

