BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे से पहले प्रशासनिक तैयारियों का निरीक्षण




रांची, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 15 फरवरी को बीआईटी मेसरा के जीपी बिरला ऑडिटोरियम में प्लेटिनम जुबली ईयर सेलिब्रेशन कार्यक्रम में आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार को उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियों की समीक्षा की। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन सारी आवश्यक तैयारी में लगा हुआ है। सारी सुरक्षा के मानक पर कार्य करते हुए सारे आवश्यक तैयारी कर रहा है, जिसमें रुट प्लान, ट्रैफिक प्लान, बैरिकेडिंग और तमाम सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे है। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर वाहनों की चेकिंग एवं अन्य सुरक्षा निर्देशों का पालन किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान बीआईटी मेसरा के वाइस चांसलर डॉ. इंद्रनिल मन्ना, डीआईजी सह वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त दिनेश कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक (शहर) राजकुमार मेहता, अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, जिला नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, अंचल अधिकारी, रजिस्ट्रार बीआईटी मेसरा डॉ. सुदीप दास सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।