BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जहानाबाद में तालाबों के संरक्षण व पर्यटन विकास पर जोर, मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने किया निरीक्षण


जहानाबाद, 03 अप्रैल । बिहार के जहानाबाद जिले में तालाबों के संरक्षण और पर्यटन विकास को लेकर राज्य के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. प्रमोद चंद्रवंशी ने शुक्रवार को विभिन्न तालाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दक्षिणी तालाब, अमथुआ तालाब, धराऊत तालाब एवं चाड़ तालाब का क्रमवार जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने तालाबों के प्राकृतिक संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन जल स्रोतों के किनारे हरित पट्टी (ग्रीन बेल्ट) विकसित की जाए, जिससे कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।

मंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि इन तालाबों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर गंभीरता से काम किया जाए। उनका कहना था कि प्राकृतिक जल स्रोत केवल जल संचयन का माध्यम ही नहीं हैं, बल्कि जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तालाबों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आकर्षित किया जा सके।

इस मौके पर प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) शशि कुमार, रेंज ऑफिसर, भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज, महामंत्री अनिल ठाकुर, विजय सत्कार, गुड्डू शर्मा, संतोष चंद्रवंशी, रंजीत कुमार, किसान मोर्चा के विनोद कुमार, अशोक सिंह समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।