BREAKING NEWS

logo

आरा-छपरा पुल पर सड़क दुर्घटना में चाचा-भतीजा की मौत


सारण, 30 जून। डोरीगंज थाना क्षेत्र के आरा-छपरा पुल पर दोपहर एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार चाचा-भतीजा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सबलपुर निवासी राकेश पांडेय और नरेश पांडेय के रूप में हुई है। दोनों बाइक से किसी कार्य हेतु छपरा जा रहे थे, तभी आरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया और चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और पुल से बालू हटाने की मांग को लेकर आरा-छपरा पुल को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। इससे पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीणों का कहना था कि पुल पर जमा बालू के कारण आए दिन गाड़ियां फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त होती रहती हैं।

सूचना मिलते ही डोरीगंज थानाध्यक्ष, बीडीओ और अंचलाधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर सीओ ने मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत दोनों मृतकों के आश्रितों को तत्काल चार-चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया।

मुआवजा मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक राकेश जिसकी एक माह पूर्व ही शादी हुई थी।