BREAKING NEWS

logo

9 साल के भतीजे को जिंदा कुएं में फेंकने वाली चाची नौ साल बाद गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजी गई


हत्या के प्रयास के मामले में लाल वारंट पर चल रही थी फरार, बेंगाबाद पुलिस ने नाटकीय ढंग से दबोचा

रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद 


हत्या की नियत से अपने नौ वर्षीय भतीजे को जिंदा कुएं में फेंकने के मामले में वर्षों से फरार चल रही आरोपी चाची साजदा बानो को बेंगाबाद पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने महिला पुलिसकर्मियों के सहयोग से नाटकीय ढंग से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। गिरफ्तार महिला को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में गिरिडीह जेल भेज दिया गया।
यह मामला बेंगाबाद थाना कांड संख्या 225/2017 से संबंधित है। घटना के बाद से आरोपी महिला फरार थी। उसके विरुद्ध गिरिडीह न्यायालय से लाल वारंट के साथ एक अन्य वारंट भी जारी किया गया था। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस के अनुसार, ताराटांड़ पंचायत के बंदियाबाद निवासी महताब अंसारी के नौ वर्षीय पुत्र आसीन अंसारी को आरोपी चाची साजदा बानो किसी कारणवश अपने रास्ते से हटाना चाहती थी। वर्ष 2017 में तड़के करीब तीन बजे उसने सो रहे मासूम को उठाकर जिंदा कुएं में फेंक दिया और मौके से फरार हो गई।
सुबह जब परिजनों ने बच्चे को घर में नहीं पाया तो उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान शौच के लिए निकली गांव की महिलाओं को कुएं से बच्चे के रोने और मदद की आवाज सुनाई दी। महिलाएं कुएं के पास पहुंचीं तो देखा कि बालक मोटर के पाइप का सहारा लेकर किसी तरह लटका हुआ है। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद बच्चे के परिजनों ने साजदा बानो के खिलाफ बेंगाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें उसे नामजद अभियुक्त बनाया गया था। तभी से वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर थी।
हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने पति के साथ बेंगाबाद क्षेत्र में रह रही है। सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध न्यायालय से लाल वारंट के अलावा एक अन्य वारंट भी निर्गत था। न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।