BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल पर हमले के मामले में भाजपा ने की त्वरित कार्रवाई की मांग


जमशेदपुर। पोटका अंश-12 के जिला परिषद सदस्य सह भाजपा नेता सूरज मंडल एवं उनके साथियों पर हुए जानलेवा हमले एवं महिलाओं के साथ छेड़खानी के आरोपों को लेकर भाजपा ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में सोमवार को जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के साथ भाजपा जमशेदपुर महानगर के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपाध्यक्ष श्री संजीव सिंह के नेतृत्व में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे घटनाक्रम से उन्हें अवगत कराते हुए मामले में निष्पक्ष जांच, आरोपियों की पहचान एवं तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर लिखित आवेदन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 16 अगस्त, 2026 की रात्रि जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल अपने परिवारजनों एवं साथियों के साथ पोटका प्रखंड स्थित प्रसिद्ध मुक्तेश्वर धाम, हरिणा में कांवड़ यात्रा के लिए जा रहे थे। इसी दौरान लगभग रात 10 बजे टांगराईन पंचायत के कैरासाई गांव के समीप 40-50 अज्ञात लोगों द्वारा उनके काफिले को घेरकर हमला किया गया। आरोप है कि इस दौरान साथ चल रही महिलाओं के साथ अमर्यादित व्यवहार एवं छेड़खानी की गई। इसका विरोध करने पर सूरज मंडल एवं उनके साथियों के साथ मारपीट की गई। घटना में जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल सहित उनके साथी श्री रवि मोदक एवं श्री घनश्याम गंभीर रूप से घायल हुए, जिनका जमशेदपुर में इलाज कराया गया।

मामले को लेकर 18 अगस्त 2026 को कोवाली थाना में लिखित शिकायत भी दी गई थी। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही मामले में अपेक्षित ठोस कार्रवाई दिखाई दे रही है।

इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि एवं उनके साथ के लोगों पर इस प्रकार का हमला अत्यंत गंभीर विषय है। यदि जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर स्वाभाविक रूप से चिंता उत्पन्न होती है। ऐसी घटनाओं से कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन के प्रति जनता के विश्वास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को चिन्हित करते हुए 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए और महिलाओं के साथ छेड़खानी एवं मारपीट के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए सभी दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

वहीं, जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से जोरदार आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस दौरान जिला परिषद सदस्य सविता सरदार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह, जिला महामंत्री राजीव सिंह, जिला कार्यालय मंत्री संजीत चौरसिया, पोटका मंडल अध्यक्ष सनत कुमार सी, कोवाली मंडल अध्यक्ष श्यामल महाकुड़, उत्पल बोस, गणेश सरदार, उपेंद्रनाथ सरदार, मनोज सरदार, चंचल चक्रवर्ती, पालटू मंडल, दुलाल मंडल, प्रकाश सरदार, पिंटू पूरण, तापस गोप, नवजीवन कर्मकार, गुलशन सरदार, प्रणव मंडल समेत कई अन्य मौजूद रहे। 

भवदीय,
प्रेम झा