राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन आदित्यपुर में आयोजित होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम
महान हॉकी खिलाड़ी एवं देश के गौरव मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त 2026 को श्रीनाथ कॉलेज आफ एजुकेशन आदित्यपुर, में किया जाएगा।
देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस को युवा सहभागिता, खेल विकास एवं राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ व्यापक रूप से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में देश के विभिन्न जिलों में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य देश के युवाओं, खिलाड़ियों और खेल के भविष्य को एक साझा मंच पर जोड़ना है।
कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री जी के द्वारा 27 अगस्त को देशभर के 1600 से अधिक विभिन्न स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया जाएगा। यह संबोधन देश के विभिन्न हिस्सों में मौजूद युवाओं को एक साझा राष्ट्रीय मंच से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
कार्यक्रम स्थल पर सभी अतिथियों एवं युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति प्रातः 10:00 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी।
प्रधानमंत्री जी के संबोधन के पश्चात कार्यक्रम का मुख्य फोकस स्थानीय युवा संवाद एवं खेल से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श पर रहेगा।
इस अवसर पर MY Bharat स्वयंसेवकों एवं स्थानीय खिलाड़ियों के बीच युवा संवाद का एक विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में खेल अवसंरचना में हुए विकास तथा भारत में विकसित हो रहे Sports Ecosystem पर चर्चा की जाएगी।
इसके पश्चात लगभग 15 मिनट का युवा संवाद आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवाओं को अपने विचार, सुझाव एवं आकांक्षाएं साझा करने का अवसर मिलेगा। युवा संवाद के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित चार विषयों पर चर्चा की जाएगी—
1. खेल इकोसिस्टम को मजबूत करना – जमीनी स्तर तक बेहतर खेल सुविधाएं, कोचिंग एवं खेल के अवसर उपलब्ध कराना।
2. 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं का विकास – वैज्ञानिक तरीके से प्रतिभा की पहचान तथा खिलाड़ियों के समग्र विकास पर ध्यान देना।
3. युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी – युवाओं की निर्णय प्रक्रिया एवं शासन व्यवस्था में सक्रिय सहभागिता को बढ़ावा देना।
4. विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण – युवाओं को भविष्य के लिए आवश्यक कौशल, स्वयंसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के अवसरों से जोड़ना।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं से उनके सुझाव एवं विचार QR Code के माध्यम से भी प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही, युवाओं को Viksit Bharat Young Leaders Dialogue (VBYLD) Quiz Round में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
‘खेलो इंडिया संवाद’ का उद्देश्य केवल खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाना ही नहीं, बल्कि उन्हें खेल विकास, युवा नेतृत्व, कौशल, स्वयंसेवा एवं राष्ट्र निर्माण की व्यापक प्रक्रिया से जोड़ना है। यह कार्यक्रम युवाओं को अपने विचार रखने तथा देश के खेल एवं युवा विकास से जुड़े भविष्य के लिए अपनी भूमिका निर्धारित करने का अवसर प्रदान करेगा।
प्रेस वार्ता में माय भारत,पूर्वी सिंहभूम के जिला युवा अधिकारी, श्री मोंटू पातर, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री किशोर प्रसाद, एनआईसी नेटवर्क इंजीनियर प्लाबन कुमार, श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्या डॉ मौसुमी महतो, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी मधु शर्मा, सहायक प्राध्यापक विनय सिंह शांडिल्य एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे ।
प्रेषक
रचना रश्मि
मीडिया प्रभारी
श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन





