देवघर वासियों के लिए खुशखबरी; कल मिलेगा निःशुल्क शीघ्र दर्शनम् का मौका
• बुधवार को एक दिन कर सकेंगे बाबा की पूजा.
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला 2026 में जिला प्रशासन ने स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए बड़ा निर्णय लिया है। बुधवार, 26 अगस्त को सुबह 09 बजे से शाम 06 बजे तक देवघर के स्थानीय लोगों के लिए निःशुल्क शीघ्र दर्शनम् की व्यवस्था की गई है।
देवघर एसडीओ सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार ने जानकारी दी कि इस दौरान स्थानीय निवासी बिना कोई शुल्क दिए VIP एंट्री के माध्यम से बाबा वैद्यनाथ का जलार्पण कर सकेंगे। सावन में सामान्यतः 600 रुपये में मिलने वाला "शीघ्र दर्शनम् कूपन" इस दिन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
इसके लिए मंदिर प्रशासन द्वारा कुछ शर्ते भी रखी गई है:
- यह सुविधा केवल देवघर जिले के स्थानीय निवासियों के लिए है।
- आधार कार्ड या कोई भी फोटोयुक्त सरकारी पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा, जिसमें देवघर का पता हो।
देवघर उपायुक्त सौरभ भुवानियां ने कहा कि पूरे सावन स्थानीय नागरिक सेवा भाव से बाहर से आने वाले कांवरियों की सेवा में लगे रहते हैं, उनके इसी सहयोग के सम्मान में यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पहचान पत्र के साथ आकर व्यवस्था का लाभ लें और अनुशासन बनाए रखें।





