गोड्डा में ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने लौटाए गुम हुए मोबाइल
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर गोड्डा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत खोए एवं गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को लौटाया गया है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि DGP के निर्देशानुसार अब प्रत्येक माह की 25 तारीख को ऑपरेशन मुस्कान के तहत खोए एवं गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों के खोए मोबाइल को तकनीकी माध्यमों से बरामद कर उन्हें वापस दिलाना है। गोड्डा पुलिस द्वारा इस वर्ष अब तक तीन बार मोबाइल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है।
मंगलवार को कुल 27 बरामद मोबाइल फोन में से 20 मोबाइल उनके धारकों को सौंपे गए। शेष 7 मोबाइल फोन भी सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके वास्तविक धारकों को वापस किए जाएंगे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने गोड्डा पुलिस के प्रति आभार जताया। पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि तकनीकी सहायता से उसे बरामद करने की कार्रवाई की जा सके।





