श्रावणी मेले की दूसरी सोमवारी को डीसी-एसपी ने किया रूटलाइन और कांवरिया पथ का निरीक्षण
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 की दूसरी सोमवारी को लेकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में उमड़ने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां एवं एसपी प्रवीण पुष्कर व डीडीसी पीयूष सिन्हा ने सोमवार अहले सुबह मेला क्षेत्र, रूटलाइन और कांवरिया पथ का गहन निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, कतार प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में तैनात सभी वरीय अधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बल को निर्देश दिया कि वे अत्यंत धैर्य और संयम के साथ श्रद्धालुओं के सहयोग में खड़े रहें।
उन्होंने कहा कि बाबाधाम आने वाले देवतुल्य कांवरियों की सेवा करना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और जवान पूरी तरह 'सेवा भाव' से अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।
नंदन पहाड़ से बाबा मंदिर तक भ्रमण के क्रम में उपायुक्त व एसपी ने टीम को हर पल एक्टिव मोड में रहने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी संवेदनशील पॉइंट पर भीड़ का दबाव न बढ़े।
उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में बने सूचना-सह-सहायता केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह, पुलिस ओपी, ट्रैफिक ओपी, पर्यटन केंद्र, विद्युत केंद्र और स्वास्थ्य कैंप का निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्देश दिया कि:
- स्वास्थ्य कैंपों में जीवन रक्षक दवाइयां और एम्बुलेंस 24 घंटे उपलब्ध रहें.
- मातृत्व विश्राम गृह में माताओं-बहनों को सभी आवश्यक प्राइवेसी और सुविधाएं मिलें.
- बिजली और सूचना केंद्र बिना बाधा के लगातार कार्यरत रहें ताकि आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके.
वहीं बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए उपायुक्त ने कहा कि निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े हों, कोई भी वाहन सड़क पर अनाधिकृत रूप से न खड़ा हो। यातायात रूट इस तरह संचालित हो कि स्थानीय लोगों और कांवरियों दोनों को असुविधा न हो।
उन्होंने रूटलाइन के सभी होल्डिंग पॉइंट्स को पूरी तरह दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। इन पॉइंट्स पर पानी, बिजली, मिस्ट कूलिंग और चिकित्सा जैसी सुविधाएं हर समय चालू रहें। साथ ही क्यू कॉम्प्लेक्स की व्यवस्था को भी श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप अप-टू-डेट रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित संबंधित अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।






