हुसैनाबाद एसडीपीओ व थाना प्रभारी की संयुक्त कार्रवाई में कई होटलों एवं दुकानों में छापेमारी, बीयर-विदेशी व देशी शराब बरामद
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद,पलामू: अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए हुसैनाबाद पुलिस ने मंगलवार शाम शहर के विभिन्न इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। एसडीपीओ आईपीएस दिव्यांश शुक्ल और इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नहर मोड़, बाजार, जेपी चौक, हरिहर चौक समेत कई स्थानों पर दुकानों, होटलों और ठेला दुकानों की तलाशी ली।
अभियान के दौरान हरिहर चौक से बीयर व अंग्रेजी शराब तथा नहर मोड़ क्षेत्र से देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने अवैध भंडारण और बिक्री को लेकर कई प्रतिष्ठानों की गहन जांच की।थाना प्रभारी चंदन कुमार ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध रूप से शराब रखने या बेचने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अवैध शराब बिक्री की सूचना देने की अपील की है।





