BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

त्योहारों को लेकर शहर में सघन वाहन जांच, 30 दोपहिया वाहन जब्त


मेदिनीनगर। आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस की ओर से एंटी क्राइम चेकिंग एवं सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टाउन क्षेत्र में प्रवेश करने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के कागजात की जांच की। वहीं, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट के इस्तेमाल की भी जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
सघन जांच अभियान के क्रम में करीब 30 दोपहिया वाहनों को यातायात नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में जब्त किया गया। जब्त वाहनों को संबंधित थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) कार्यालय के माध्यम से चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान शहर में वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। वाहन चालकों से अपील की गई कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, ट्रिपल राइडिंग से बचें तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से सघन जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।