■ अधिकारियों को युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करने का निर्देश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर महापौर रवि राउत लगातार भ्रमण कर रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को महापौर ने नगर निगम अधिकारियों के साथ पुराना बस स्टैंड पहुंचकर क्षतिग्रस्त जलमीनार का निरीक्षण किया।
महापौर ने कहा कि पुराना बस स्टैंड स्थित जलमीनार के ऊपरी हिस्से के क्षतिग्रस्त होने के कारण पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित है। इस असुविधा को लेकर वे अत्यंत संवेदनशील हैं।
महापौर ने नगर निगम की टीम के साथ जलमीनार का बारीकी से निरीक्षण किया। स्थिति का आकलन करने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करने का सख्त निर्देश दिया।
उन्होंने कहा हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द तकनीकी खामियों को दूर कर जलापूर्ति सामान्य की जाए। इस संकट की घड़ी में आपके धैर्य और सहयोग के लिए आभार। नगर निगम आपकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
महापौर के साथ निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी और अभियंता भी मौजूद थे।






