BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में बारिश से उत्पन्न हालात का विधायक पूर्णिमा साहू ने सांसद विद्युत महतो के संग दौरा कर लिया जायजा


पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में बारिश से उत्पन्न हालात का विधायक पूर्णिमा साहू ने सांसद विद्युत महतो के संग दौरा कर लिया जायजा, राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

जमशेदपुर। शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में उत्पन्न जलजमाव एवं अन्य परिस्थितियों का विधायक पूर्णिमा साहू ने सांसद विद्युत वरण महतो के साथ बुधवार को मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के साथ स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। प्रभावित परिवारों की तत्काल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। वहीं, सांसद एवं विधायक ने जमशेदपुर अक्षेस के नगर आयुक्त एवं सिटी मैनेजर के साथ स्थिति की समीक्षा की और राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी और त्वरित गति से संचालित करने को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। 

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि जब तक जलस्तर सामान्य नहीं हो जाता, तब तक प्रभावित लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय सामुदायिक विकास भवन में वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे किसी भी परिवार को असुविधा का सामना न करना पड़े। विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि बारिश के बाद उत्पन्न संभावित स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा है। सफाई के पश्चात विभिन्न इलाकों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे संक्रमण एवं जलजनित बीमारियों की आशंका को कम किया जा सके। कहा कि क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। किसी भी परिवार को ऐसी परिस्थिति में परेशानी ना हो, उसके लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। 

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता भी प्रभावित एवं जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री व अन्य आवश्यक सहायता पहुंचाने में पूरी तत्परता के साथ जुटे रहे। 

इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, मिथिलेश साव, अरुण मिश्रा समेत कई भाजपा कार्यकर्तागण मौजूद रहे।