राखी मेला में 10 करोड़ नशा मुक्त भारत अभियान का संकल्प, रक्षा सूत्र बांधकर दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश
जमशेदपुर। छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक समिति (महिला मंडल) द्वारा आयोजित राखी मेला के अवसर पर सामाजिक जागरूकता एवं नशा मुक्ति का विशेष संदेश दिया गया। कार्यक्रम में समिति की पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में “10 करोड़ नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत नशामुक्ति की प्रतिज्ञा कराई गई।
इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज की ओर से सुधा दीदी एवं कोमल दीदी ने उपस्थित सभी लोगों को प्रतिज्ञा कराई और रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के प्रेम, सुरक्षा, सद्भावना एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक समिति (महिला मंडल) की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी साहू, महामंत्री श्रीमती जया साहू, उपाध्यक्ष श्रीमती गीतांजलि साहू एवं सचिव श्रीमती कांता सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वहीं पुरुष पदाधिकारियों में अध्यक्ष श्री कृष्णा प्रसाद एवं कोषाध्यक्ष श्री रमेश साहू सहित अन्य सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान माउंट आबू से प्राप्त प्रमाण-पत्र भी छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक समिति को प्रदान किए गए। समिति की ओर से बताया गया कि नशा मुक्ति का यह अभियान केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं, बल्कि परिवार और पूरे समाज को स्वस्थ, सुरक्षित एवं संस्कारवान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक समिति के पदाधिकारियों एवं महिला मंडल की सदस्यों ने इस पहल की सराहना करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में हरसंभव सहयोग करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने “नशे को ना, स्वस्थ एवं संस्कारमय जीवन को हाँ” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।





