श्रावणी मेला के दूसरी सोमवारी को 03 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण
• 08 किमी तक लगी कांवरियों की कतार
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : श्रावणी मेला-2026 की दूसरी सोमवारी को बाबा नगरी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार करीब 03 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने सुल्तानगंज से जल लाकर बाबा बैद्यनाथ को जलार्पण कर पुण्य लाभ लिया।
भोर से ही बोल-बम के जयकारों से गूंज उठी बाबानगरी में कांवरियों की कतार लगातार 08 किलोमीटर तक नंदन पहाड़ तक पहुंच गई थी।
देर रात तक कतार में खड़े श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक करने के लिए बेसब्री से इंतजार करते रहे।
भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। डीसी सौरभ भुवानियां और एसपी प्रवीण पुष्कर ने सोमवारी की रात भर रूटलाइन और कांवरियां मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने कतार व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्रकाश और चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने जगह-जगह तैनात पुलिस बल और स्वयंसेवकों को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व्यवहार करने और बुजुर्ग, महिला एवं बीमार कांवरियों की विशेष देखभाल करने का निर्देश दिया।
दूसरी सोमवारी को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और नंदन पहाड़ से मंदिर तक अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। जगह-जगह चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस और विश्राम स्थल बनाए गए थे। रेडक्रॉस और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा श्रद्धालुओं के बीच पानी और प्रसाद का वितरण भी किया गया।
प्रशासन का दावा है कि भीड़ के बावजूद जलार्पण सुचारू रूप से हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
बोल-बम के नारों के साथ मंदिर परिसर में देर रात तक जलार्पण का सिलसिला जारी रहा।






