आंधी-तूफान ने किसानों की मेहनत पर फेरा पानी, सब्जियों की फसलें बर्बाद, मुआवजे की मांग
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोला। गोला प्रखंड क्षेत्र में लगातार हुई बारिश के दौरान आए तेज आंधी-तूफान ने सब्जी उत्पादक किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। तेज हवाओं के कारण खेतों में लगी बोदी, लौकी, खीरा समेत अन्य सब्जियों की फसलें बर्बाद हो गई। फसलों को सहारा देने के लिए बनाए गए मचान भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होकर गिर गए। आंधी से प्रभावित पतरातू के ब्रजकिशोर महतो व पवन महतो, चौकाद के बीरबल महतो, मुरुडीह के कंचन महतो ने बताया कि सब्जी की खेती में बीज, खाद, दवा, सिंचाई के साथ मचान तैयार करने में भी काफी पूंजी खर्च की गई थी। फसल तैयार होने के समय आई प्राकृतिक आपदा से उनकी पूरी मेहनत और उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। किसानों ने बताया कि सब्जी की खेती से होने वाली आमदनी से उनके परिवार का भरण-पोषण होता है। फसल बर्बाद होने के बाद उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वहीं अगली फसल की तैयारी के लिए आवश्यक पूंजी जुटाना भी किसानों के लिए चुनौती बन गया है। इसे लेकर गोला दर्पण एफपीओ एवं किसान संगठन ने झारखंड सरकार और रामगढ़ जिला प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारियों की टीम भेजकर तत्काल फसल क्षति का स्थलीय सर्वेक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के आधार पर प्रभावित किसानों को नियम के अनुसार शीघ्र क्षतिपूर्ति अथवा मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों को हुए नुकसान से राहत मिल सके।





