BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

नशामुक्ति के साथ सकारात्मक आदतों को जीवन का हिस्सा बनाने का विद्यार्थियों ने लिया संकल्प


जमशेदपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, जमशेदपुर की ओर से 10 करोड़ नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों एवं सामाजिक समूहों में जागरूकता कार्यक्रम एवं शपथ ग्रहण कराया गया। इस अभियान के तहत DAV Public School, Patel Nagar, Guwahati, श्री साकची गुजराती M.E. स्कूल तथा राधा सखी परिवार, जमशेदपुर में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने नशामुक्त और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में कोमल बहन ने उपस्थित बच्चों को प्रतिज्ञा कराते हुए कहा कि नशामुक्त भारत का निर्माण केवल मादक पदार्थों से दूरी बनाने से ही नहीं, बल्कि अपनी रोजमर्रा की आदतों को भी सही दिशा देने से होगा। बच्चों को मोबाइल का अनावश्यक उपयोग कम करने, वीडियो देखने और वीडियो गेम खेलने में समय सीमित करने तथा जंक फूड और चॉकलेट आदि का सेवन संतुलित मात्रा में करने के लिए प्रेरित किया गया।

ब्रह्माकुमारी सुधा दीदी ने बच्चों को यह भी समझाया गया कि जीवन में कुछ सकारात्मक आदतों का “नशा” ऐसा हो, जो उन्हें कमजोर नहीं बल्कि मजबूत बनाए। पढ़ाई के प्रति लगन, अपने रूटीन और समय का पालन, अनुशासन, संतुलित जीवनशैली तथा अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।

विद्यार्थियों ने शपथ लेते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के हानिकारक नशे से दूर रहेंगे और मोबाइल, वीडियो तथा वीडियो गेम जैसी गतिविधियों में अपना अनावश्यक समय व्यर्थ नहीं करेंगे। इसके साथ ही वे अपने विद्यालय, शिक्षकों और शिक्षा के प्रति सम्मान एवं सकारात्मक सोच को जीवन में अपनाएंगे।

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि जिस आदत से जीवन आगे बढ़े, वही सच्ची सकारात्मक शक्ति है। यदि युवा पीढ़ी पढ़ाई, अनुशासन, अच्छे संस्कार और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण को अपनी आदत बना ले, तो एक स्वस्थ, संस्कारी और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं उपस्थित सदस्यों ने भी अभियान के उद्देश्य की सराहना करते हुए बच्चों को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।