BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

देवघर में लोक गायक सुनील छैला बिहारी की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, एसडीओ ने दिए जांच के आदेश


अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : प्रसिद्ध लोक गायक सुनील छैला बिहारी की देवघर स्थित जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। इस संबंध में गायक द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी, देवघर को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई गई थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी कार्यालय, देवघर ने कुंडा थाना प्रभारी को जांच कर प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया है। कार्यालय द्वारा जारी पत्र ज्ञापांक- 527/सां०न्या०, दिनांक- 01 अक्टूबर तंबर 2026 को थाना प्रभारी, कुंडा को प्रेषित किया गया है।

पत्र के अनुसार, आवेदक सुनील छैला बिहारी, पिता-स्व० कृष्णदेव प्रसाद सिंह, ग्राम+पो०-पौरा, थाना-गोगरी, जिला-खगड़िया (बिहार) द्वारा दाखिल आवेदन की छायाप्रति संलग्न कर भेजते हुए निर्देश दिया गया है कि आवेदन में वर्णित तथ्यों के आलोक में जांच कर जांच प्रतिवेदन की मांग की गई है।

बताया जाता है कि सुनील छैला बिहारी ने देवघर में जमीन क्रय की थी, जिस पर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। लोक गायक ने इस बाबत प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की थी।

अनुमंडल पदाधिकारी के आदेश के बाद अब कुंडा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच प्रतिवेदन आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि जमीन पर कब्जा वैध है या अवैध।

उल्लेखनीय है कि लोक गायक सुनील छैला बिहारी झारखंड-बिहार में भोजपुरी और अंगिका भाषा के लोक गीतों के लिए काफी लोकप्रिय हैं और उनका देवघर से गहरा नाता रहा है।

प्रशासन का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।