भू-अर्जन की समीक्षा बैठक में मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में अपर समाहर्ता पूनम कच्छप की अध्यक्षता में जिला भू-अर्जन विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न सड़क एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में लंबित भू-अर्जन कार्यों, रैयतों के मुआवजा भुगतान, वाउचर संग्रह और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही तकनीकी बाधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-419 के तहत कानगोई में रेल ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण, रूपनारायणपुर से पोखरिया मोड़, गोलपहाड़ी एवं भंडारो एनएच परियोजना, एडीबी संपोषित गोविंदपुर-साहेबगंज पथ परियोजना, जामताड़ा-करमाटांड़-लहरजोरी पथ, बेवा बाईपास, धतुला मोड़ से नाला पथ, जामताड़ा जेल रोड तथा मोहनाबांक से नाला पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
इसके अलावा नाला-चोलपाड़ा मोड़ से अफजलपुर, तरणी-जरगुडीह, चिरूडीह-पबिया पथ, जुम्मन मोड़-बुटबेरिया-लोधरिया, जामा-जामताड़ा-रूपनारायणपुर पथ, करमाटांड़ एवं विद्यासागर स्टेशन के बीच आरओबी निर्माण, जामताड़ा कंबाइंड बिल्डिंग पथ, विद्यासागर-लोहारंगी, नारायणपुर-करमदाहा, लहरजोरी-मुरलीपहाड़ी पथ तथा अन्य सड़क परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। रक्सौल-हल्दिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज-2 के कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
अपर समाहर्ता ने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए नई परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने रैयतों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने, आवश्यक वाउचर का संग्रह सुनिश्चित करने तथा भूमि अधिग्रहण से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने पर जोर दिया। साथ ही परियोजनाओं के निर्माण में आ रही तकनीकी समस्याओं को दूर कर कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सत्यप्रकाश मोर्थ, एनएचएआई, पथ प्रमंडल एवं विद्युत आपूर्ति विभाग के अभियंता, जामताड़ा एवं करमाटांड़ के अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।






