राजस्व के लंबित मामलों का समय-सीमा में निष्पादन करें : अपर समाहर्ता।
गूगल मीट के माध्यम से अंचल अधिकारियों एवं अंचल निरीक्षकों के साथ की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। अपर समाहर्ता पूनम कच्छप की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिले के सभी अंचल अधिकारियों एवं अंचल निरीक्षकों के साथ गूगल मीट के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व से संबंधित विभिन्न लंबित मामलों की समीक्षा की गई। इस दौरान अपर समाहर्ता ने सभी अंचलों को लंबित मामलों का नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में लंबित म्यूटेशन, सुओ म्यूटेशन, सक्सेसेशन म्यूटेशन, पार्टीशन म्यूटेशन, डिमार्केशन एवं परिशोधन से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। अपर समाहर्ता ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी आवेदन को केवल वैध एवं नियमानुकूल आधार पर ही अस्वीकृत किया जाए। साथ ही ई-रेवेन्यू कोर्ट में लंबित मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सभी अंचलों को लगान वसूली की प्रगति की नियमित समीक्षा एवं निगरानी करने का निर्देश दिया। ग्राम प्रधान से संबंधित लंबित मामलों पर भी चर्चा की गई। इस संबंध में उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले के लंबित रहने के कारण और उसके वर्तमान स्तर की समीक्षा कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
इसके अलावा नीलाम पत्र वादों तथा न्यायालय से संबंधित लंबित मामलों का नियमानुसार ससमय निष्पादन एवं न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अपर समाहर्ता ने सभी संबंधित अधिकारियों को राजस्व मामलों के निष्पादन में गंभीरता बरतने तथा निर्धारित समय-सीमा का पालन करने का निर्देश दिया।






