BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

रिमझिम बारिश में भी नहीं थमी आस्था, 20वें दिन बी.एड. कॉलेज तक लगी कतार


• अहले सुबह 05 बजे से जलार्पण जारी.

अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 20वें दिन मंगलवार,18 अगस्त को बाबानगरी एक बार फिर शिवमय हो गई। सुबह से हो रही रिमझिम बारिश के बावजूद शिवभक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। हर-हर महादेव और बोल-बम के जयकारों से पूरा मेला क्षेत्र गूंज उठा।

मंगलवार को ठीक प्रातः 05:00 बजे बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पट खुलते ही जलार्पण शुरू कर दिया गया। पट खुलते ही गर्भगृह में जल चढ़ाने के लिए उत्सुक कांवरियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुल्तानगंज से पवित्र जल लेकर आए श्रद्धालु कतारबद्ध होकर बाबा को अर्घ्य अर्पित कर रहे हैं।

बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की लंबी कतार स्थानीय बी.एड.कॉलेज से शुरू होकर आगे बढ़ रही है। केसरिया वस्त्र धारी कांवरिया लगातार "बोल बम" का उद्घोष करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। 

जिला प्रशासन ने रूट लाइन पर सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जगह-जगह दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षा बल तैनात हैं। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, विश्राम स्थल और चिकित्सा शिविर भी सक्रिय रखे गए हैं।

देवघर जिला प्रशासन के अनुसार सीसीटीवी कैमरों और नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पूरी कतार और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बारिश को देखते हुए फिसलन वाले स्थानों पर विशेष व्यवस्था की गई है ताकि कांवरियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला प्रशासन का कहना है कि सभी श्रद्धालुओं को सुलभ, सुरक्षित और सुगम जलार्पण कराना ही प्राथमिकता है। सेवा भाव के साथ तैनात कर्मी हर संभव मदद में जुटे हुए हैं।