देवघर के चितरा में दिल दहला देने वाली वारदात, पत्नी की पीट-पीट कर हत्या कर खेत में दफनाया शव
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
सारठ (देवघर) : चितरा थाना क्षेत्र के करमचंद गांव में पति-पत्नी के विवाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के हीरालाल मरांडी ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी सोनामुनि मुर्मू की पीट-पीट कर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को घर से 500 मीटर दूर खेत में गुपचुप तरीके से दफना दिया।
घटना सोमवार, 07 सितंबर की बताई जा रही है।
मामले का खुलासा बुधवार को तब हुआ जब ग्रामीणों की सूचना पर चितरा थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार गांव पहुंचे और आरोपी पति से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में हीरालाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई। मधुपुर एसडीओ राजीव कुमार के निर्देश पर सारठ सीओ केसीएस मुंडा ने अंचल निरीक्षक विभाष कुमार को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खेत में बने गड्ढे को खोदकर दो दिन बाद शव को बाहर निकाला। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया गया है।
बताया जाता है कि 07 सितंबर को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद गुस्से में पति ने इस वारदात को अंजाम दिया।
शव बरामदगी के दौरान पलाजोरी पुलिस निरीक्षक सुकांत त्रिपाठी, थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार, एएसआई निर्भय सिंह समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद थे। पुलिस हत्यारोपी पति से पूछताछ कर रही है।






