बिजली तार गिरने से पति की मौत, एक साल से मुआवजे के लिए भटक रही है खुशबू
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
करौं (देवघर) : प्रखंड के जसोबांध गांव की खुशबू कुमारी पिछले एक साल से मुआवजे के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही है। 17 जून 2025 को गांव में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार गिरने से उसके पति विकास कुमार मंडल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी बिजली विभाग ने मुआवजा राशि का भुगतान नहीं किया है।
मुआवजे के लिए खुशबू मधुपुर से लेकर देवघर तक बिजली विभाग के दफ्तरों के चक्कर काट चुकी है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। पति की मौत के बाद घर चलाने में उसे भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार को करौं में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफ़ीजुल हसन के आगमन पर खुशबू ने उन्हें एक मांग पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। मांग पत्र में उसने बताया कि पति की मौत के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई है और मुआवजा राशि मिलने से उसे सहारा मिल सकता है।
इस पर मंत्री हफीजुल हसन ने खुशबू को जल्द मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।






