BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पूर्व मंत्री सुदिव्य सोनू के निधन से झामुमो में शोक, गोड्डा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

गोड्डा : झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और झामुमो के वरिष्ठ नेता स्व. सुदिव्य कुमार सोनू की याद में बुधवार को गोड्डा जिला झामुमो कमेटी की ओर से शहीद स्तंभ परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रेमनंदन मंडल ने कहा कि 6 सितंबर को प्रदेश के पूर्व मंत्री, झारखंड आंदोलन के अग्रणी सिपाही, कुशल राजनीतिज्ञ, शिक्षाविद और कुशल संगठनकर्ता सुदिव्य कुमार सोनू का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। उनका जाना झामुमो परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सोनू ने अपना पूरा जीवन राज्य के विकास, शिक्षा के प्रसार और आदिवासी-मूलवासी हितों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया था।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि एक कुशल संगठनकर्ता के रूप में उन्होंने पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। मंत्री के रूप में उनके द्वारा लिए गए फैसले और शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके निधन से प्रदेश ने एक सच्चे जनसेवक और ईमानदार नेता को खो दिया है।

श्रद्धांजलि सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे स्व. सोनू के दिखाए मार्ग पर चलेंगे और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए काम करेंगे। उनकी सादगी, संघर्ष और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।

इस अवसर पर झामुमो के कई वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी की आंखें नम थीं और माहौल गमगीन था। सभा के अंत में सभी ने उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।