दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से मिले विधायक चुन्ना सिंह, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
पालोजोरी (देवघर) : सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह बुधवार को दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने पीड़ित बच्ची की मां व अन्य परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और कहा कि उनकी पूरी संवेदना पीड़िता व उसके परिवार के साथ है। आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं।
इस दौरान प्रमुख ऊषा किरण मरांडी, बीडीओ सह सीओ पार्थ नंदन, एसडीपीओ मुजीबुर रहमान, इंस्पेक्टर सुकांत त्रिपाठी, थाना प्रभारी संजय कुमार, बीपीआरओ सुभाष राय, पंचायत प्रतिनिधि सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विधायक ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित और निष्पक्ष जांच के सख़्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस वैज्ञानिक और पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल करे, ताकि स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषी को सख्त सजा दिलाई जा सके। एसडीपीओ और थाना प्रभारी ने भी पीड़ित परिवार को सुरक्षा और त्वरित न्याय का भरोसा दिया।
विधायक ने घोषणा की कि पीड़ित बच्ची को न्याय दिलाने के साथ-साथ परिवार को अंबेडकर आवास उपलब्ध कराया जाएगा। पॉक्सो एक्ट के तहत न्यायालय द्वारा निर्धारित मुआवजे की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। साथ ही बच्ची के बड़े होने पर उसकी शिक्षा के लिए कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में नामांकन कराया जाएगा ताकि वह आत्मनिर्भर बन सके।
इस दौरान विधायक ने अपनी ओर से पीड़ित परिवार को नकद आर्थिक सहायता दी, वहीं प्रशासन की ओर से राशन, चावल, फल व खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस पूरे मामले को लेकर संवेदनशील हैं और उनकी ओर से भी पूरे प्रकरण पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है कि बच्ची व उसके परिवार को किसी तरह की दिक्कत न हो।






