डीसी की अध्यक्षता में सामाजिक सुरक्षा व बाल संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
अमित कुमार
देवघर : जिले में बच्चों के कल्याण और बाल संरक्षण कार्यों को गति देने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सामाजिक सुरक्षा एवं बाल संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति का विस्तार से मूल्यांकन किया गया। उपायुक्त ने जिला बाल संरक्षण इकाई को और सुदृढ़ बनाने पर जोर देते हुए संबंधित पदाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यूनिट में शेष सभी रिक्त पदों पर जल्द से जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि बाल संरक्षण से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने कोविड-19 महामारी में माता-पिता को खोने वाले, अनाथ और बेसहारा बच्चों के प्रति विशेष संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे चिन्हित 121 बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए तत्काल 'स्पॉन्सरशिप योजना' का लाभ दिलाया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राप्त सभी आवेदनों की समिति के माध्यम से जांच कराकर उसे उपायुक्त कार्यालय को समर्पित किया जाए, जिससे बच्चों के विकास, शिक्षा और अधिकारों की रक्षा में कोई चूक न हो।
इस अवसर पर एडीएस सरिता भारती, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी मीरा कुमारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, सीडब्ल्यूसी के सदस्यगण तथा सामाजिक सुरक्षा एवं बाल संरक्षण विभाग के सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।





