देवघर एम्स में दूसरा दीक्षांत समारोह कल, उप राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन होंगे मुख्य अतिथि
• 11 मेधावी छात्र होंगे सम्मानित
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), देवघर में शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को संस्थान का दूसरा दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में भारत के उप राष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा झारखंड सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री इरफान अंसारी, गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा और देवघर विधायक सुरेश पासवान भी उपस्थित रहेंगे।
समारोह के दौरान एमबीबीएस, बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग तथा एमडी एवं एमएस पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित 11 विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, मेहनत और चिकित्सा शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करेगा।
उल्लेखनीय है कि देवघर 'एम्स' का दूसरा दीक्षांत समारोह संस्थान की शैक्षणिक प्रगति और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उसकी बढ़ती भूमिका के लिहाज से महत्वपूर्ण अवसर है।
समारोह को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए संस्थान में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उप राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई है।






