देवघर में एसआईआर-2026 अभियान शुरू, 30 जून से घर-घर पहुंच रहे बीएलओ, 29 जुलाई तक भरे जाएंगे फॉर्म.
■ डीईओ की अपील: 'कोई भी पात्र मतदाता न छूटे'.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
अमित कुमार
देवघर : मतदाता सूची को अपडेट और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिले में 'विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर-2026' अभियान मंगलवार 30 जून से शुरू हो गया है।
अभियान के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों के बूथ लेवल अधिकारी बीएलओ 29 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं को आंशिक रूप से भरे इन्यूमरेशन फॉर्म की 2 प्रतियां देंगे। मतदाता फॉर्म भरकर एक प्रति ड्यूटी में तैनात बीएलओ को जमा करेंगे और दूसरी प्रति पावती के रूप में रखेंगे। जमा किए गए सभी नाम 05 अगस्त को मतदाता सूची के ड्राफ्ट पब्लिकेशन में प्रकाशित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां ने नागरिकों से अपील की है कि बीएलओ के आने पर परिवार की सही और पूरी जानकारी दें। उन्होंने कहा, "लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर योग्य नागरिक का नाम सूची में होना जरूरी है। इसी उद्देश्य से 'कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं' के तहत ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।"
उपायुक्त ने बताया कि नागरिक वोटर हेल्पलाइन ऐप या राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल http://voters.eci.gov.in पर खुद भी आवेदन कर सकते हैं। किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर *1950* पर संपर्क किया जा सकता है।
एसआईआर-2026 को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए आज सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक सोशल मीडिया महाअभियान *#JharkhandSIR* चलाया गया। उपायुक्त के नेतृत्व में हुए इस डिजिटल अभियान का मकसद जिले के शत प्रतिशत मतदाताओं तक अभियान की जानकारी पहुंचाना था।





