BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

काठीकुंड में छात्रा की संदिग्ध मौत से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

दुमका : जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र के एक गांव में नौवीं कक्षा की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा का शव गांव के समीप झाड़ी से बरामद किया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे छात्रा स्कूल से घर लौटी थी। खाना खाने के बाद वह गाय खोलने के लिए खेत की ओर गई थी। कुछ देर बाद गाय तो घर वापस आ गई, लेकिन छात्रा नहीं लौटी। अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन शुरू की। तलाशी के दौरान गांव के समीप झाड़ी में छात्रा मृत अवस्था में मिली।

घटना की सूचना मिलते ही काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की। घटना की गंभीरता को देखते हुए देर रात डीएसपी भी मौके पर पहुंचे।

प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।

घटना के बाद से गांव में आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है।