घर में फंदे से झूलता मिला 22 वर्षीय युवक, इलाज के दौरान मौत; अस्पताल में परिजनों का हंगामा
राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
बेंगाबाद थाना क्षेत्र के घुठिया स्थित छाछांदों गांव में सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 22 वर्षीय युवक रोहित तुरी ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक शादीशुदा था और उसका एक छोटा बच्चा भी है। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम रोहित ने अपने घर के कमरे में पंखे के सहारे रस्सी का फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर बेंगाबाद के एक निजी क्लीनिक ले गए। वहां चिकित्सक ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने के बाद तत्काल चिकित्सक के उपलब्ध नहीं होने पर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा किया। हालांकि, कुछ देर बाद चिकित्सक अस्पताल पहुंचे और युवक की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर बेंगाबाद पुलिस अस्पताल पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर, युवक की मौत से पत्नी, बच्चे समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।






