रांची एक्सप्रेस संवाददाता बगोदर
बगोदर (गिरिडीह): सावन माह की पहली सोमवारी पर बगोदर स्थित विश्व प्रसिद्ध हरिहर धाम मंदिर विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही शिवभक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे।रांची–दुमका मुख्य मार्ग पर स्थित हरिहर धाम अपने 65 फीट ऊंचे विशाल शिवलिंग के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। सावन के पावन अवसर पर मंदिर परिसर पूरी तरह शिवमय नजर आया और श्रद्धालुओं ने "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
मान्यता है कि श्रद्धालु जमुनिया नदी के उत्तरवाहिनी प्रवाह से पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। सनातन धर्म में उत्तरवाहिनी नदी का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है, इसलिए यहां जलाभिषेक का पुण्य अत्यंत फलदायी माना जाता है।
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर मंदिर परिसर और आसपास व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे भक्तों ने शांतिपूर्वक पूजा-अर्चना संपन्न की।






