सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा बेंगाबाद
रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
सावन माह की पहली सोमवारी पर बेंगाबाद प्रखंड क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में पूरी तरह रंगा नजर आया। सुबह से ही विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने विधि-विधान और श्रद्धा के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया। पूरे दिन शिवालयों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्रावणी सोमवार के अवसर पर श्रद्धालु अहले सुबह से ही पूजा सामग्री और गंगाजल लेकर मंदिरों में पहुंचने लगे। महिलाओं ने व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। दिनभर मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
प्रखंड क्षेत्र के मानजोरी स्थित वंशानाथ बाबा शिव मंदिर, नर्मदेश्वर धाम बेंगाबाद, जगन्नाथ धाम फुरसोडीह, खुटरी धाम ताराटांड़, नीलकंठेश्वर धाम सोनबाद, पांडेश्वर धाम खुरचुट्टा, सर्वसिद्धि धाम भंवरडीह, बुढ़वा महादेव बड़कीटांड़, हरिला शिव मंदिर, कदमाटोल डाकबंगला शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में दिनभर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिरों में भक्तों की भीड़ और शिवभक्ति के उत्साह ने पूरे क्षेत्र को धार्मिक माहौल से सराबोर कर दिया।





