BREAKING NEWS

logo

महूआर मोड़ पर दो बाइकों की टक्कर, पिता-पुत्र समेत तीन घायल


राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद 

बेंगाबाद–गिरिडीह एनएच पथ पर बुधवार की दोपहर महूआर मोड़ के समीप हुई सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पिता को बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि पुत्र को उपचार के उपरांत घर भेज दिया गया।
घायलों की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महूआर निवासी जयलाल चौधरी एवं उनके छह वर्षीय पुत्र शिवम् कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शिवम् कुमार महूआर मध्य विद्यालय में पढ़ाई करता है। बुधवार को विद्यालय की छुट्टी होने के बाद उसके पिता उसे बाइक से घर ले जा रहे थे। इसी दौरान जैसे ही उनकी बाइक महूआर मोड़ स्थित एनएच पर पहुंची, बेंगाबाद की ओर से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई।
इस दुर्घटना में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उन्हें समय पर इलाज मिल सका।