ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में उमड़ी भीड़, दिनभर की मशक्कत के बाद अधिकांश आवेदक लौटे मायूस
राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
प्रखंड परिसर में बुधवार को जिला परिवहन विभाग द्वारा आयोजित ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लाइसेंस बनवाने के लिए पहुंचे आवेदकों की संख्या इतनी अधिक थी कि व्यवस्था संभालने और भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सुबह से ही प्रखंड कार्यालय परिसर में लाइसेंस बनवाने के इच्छुक लोगों का जुटान शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में आवेदकों ने ऑनलाइन चालान कटवाया और आवश्यक प्रक्रिया के तहत मेडिकल जांच भी कराई। हालांकि, दिनभर की भागदौड़ और औपचारिकताएं पूरी करने के बावजूद अधिकांश लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया।
जानकारी के अनुसार, सड़क सुरक्षा से संबंधित आयोजित प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में आवेदकों की छंटनी हो गई, जिसके कारण हजारों की भीड़ में खबर लिखे जाने तक केवल 32 लोगों को ही लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त हो सका। वहीं, करीब 300 से अधिक लोगों ने मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी की थी।
ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की उम्मीद लेकर पहुंचे सैकड़ों लोग दिनभर विभिन्न औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए इधर-उधर भटकते रहे। शाम ढलने तक अधिकांश आवेदकों को निराश होकर बिना लाइसेंस ही वापस लौटना पड़ा। दिनभर की भागदौड़ और भूखे-प्यासे इंतजार के बाद लोगों में विभागीय व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली।
शिविर में पहुंचे लोगों का कहना था कि आयोजन केवल औपचारिकता बनकर रह गया और अपेक्षित संख्या में लोगों को इसका लाभ नहीं मिल सका। लोगों ने भविष्य में ऐसी व्यवस्थाओं को अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की मांग की है।





