दहेज के लिए पत्नी पर जुल्म ढाने वाला पति गिरफ्तार, भेजा गया जेल
रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
दहेज की मांग को लेकर पत्नी के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी पति को बेंगाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। आरोपी की पहचान छोटकी खरगडीहा के हरिनवाटांड़ निवासी भीम दास के रूप में हुई है।
पीड़िता गौरी देवी ने बेंगाबाद थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि उनकी शादी 21 वर्ष पूर्व हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। आरोप है कि पति लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। पिछले दो-तीन माह से वह मायके से पांच लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल लाने का दबाव बना रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर वह शराब के नशे में मारपीट करता था।
शिकायत के अनुसार, एक अगस्त की रात आरोपी ने शराब के नशे में पत्नी की पिटाई की, पेट्रोल डालकर आग लगाने की धमकी दी और बच्चों सहित घर से निकाल दिया। मारपीट में पीड़िता की आंख समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। पीड़िता की शिकायत पर बेंगाबाद थाना कांड संख्या 135/26 दर्ज कर एसआई रणधीर सिंह ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।





