गिरिडीह सरिया ओवरब्रिज की सर्विस रोड को लेकर JLKM ने दी आंदोलन की चेतावनी, 13 अक्टूबर तक निर्माण शुरू करने की मांग
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
सरिया।बड़की सरिया नगर पंचायत क्षेत्र में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास पक्की सर्विस रोड निर्माण की मांग को लेकर JLKM पार्टी और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में उपायुक्त, गिरिडीह को आवेदन देकर 13 अक्टूबर 2026 तक सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई है।
आवेदन में कहा गया है कि पिछले दो वर्षों से पक्की सर्विस रोड नहीं होने के कारण लोगों को गड्ढों और कीचड़ भरे रास्ते से आवागमन करना पड़ रहा है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और स्थानीय व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। धूल के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की आशंका भी जताई गई है।
आवेदन के अनुसार, इस समस्या को लेकर पहले भी संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद समाधान नहीं होने पर 1 अक्टूबर 2026 को निर्माण स्थल पर एक दिवसीय धरना दिया गया था।
JLKM पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि 13 अक्टूबर तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होता है, तो जनहित में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इसमें धरना, भूख हड़ताल और आमरण अनशन जैसे कदम शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रशासन से जल्द पहल करने की मांग की है।






