BREAKING NEWS

logo

घाघरा गांव में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो अवैध आरा मशीन और लकड़ी लदा ट्रैक्टर जब्त


रांची एक्सप्रेस तीसरी 

तिसरी/गिरिडीह: गावां वन प्रक्षेत्र के घाघरा गांव में बुधवार को वन विभाग ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध आरा मशीन, लकड़ी से लदा एक ट्रैक्टर, चिरान पटरा तथा अन्य उपकरण जब्त किए। यह कार्रवाई वन क्षेत्र पदाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान की गई।

वन विभाग के अनुसार, जब्त की गई आरा मशीनों का उपयोग अवैध रूप से लकड़ी की चिराई के लिए किया जा रहा था। मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान पूरी होने के बाद संबंधित आरोपियों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के बाद वन क्षेत्र पदाधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सघन अभियान जारी रहेगा।

इस छापेमारी अभियान में प्रभारी वनपाल अभीमीत राज, गावां वन परिसर पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद, देवरी वन परिसर पदाधिकारी नीरज कुमार पांडेय, वन उप-परिसर पदाधिकारी गौतम कुमार दास सहित रणजीत प्रभाकर, रविश कुमार, शशि कुमार, कुलदीप राय, राहुल कुमार, जिलाजीत कुमार, रोशी रंजन, सुधीर बेसरा, हीरालाल पंडित एवं अन्य वनकर्मी शामिल रहे।