BREAKING NEWS

logo

बड़कीटांड़ में वज्रपात से दुधारू गाय व बछड़े की मौत, किसान को हजारों रुपये का नुकसान


रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद 

बेंगाबाद प्रखंड के बड़कीटांड़ गांव में सोमवार की शाम अचानक हुए वज्रपात ने एक किसान की वर्षों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खुले मैदान में चर रही एक दुधारू गाय और उसके बछड़े की वज्रपात की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मेघ गर्जना सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
मृत मवेशी गांव निवासी किसान लोचन यादव उर्फ लखन यादव के बताए जाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, शाम के समय मवेशी खुले मैदान में चर रहे थे। इसी दौरान अचानक मेघ गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से दुधारू गाय और उसका बछड़ा मौके पर ही मर गए। वज्रपात के बाद अन्य मवेशी घबराकर इधर-उधर भागने लगे।
घटना से किसान को लगभग 90 हजार रुपये की आर्थिक क्षति होने का अनुमान है। मवेशियों की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। मामले की सूचना बेंगाबाद थाना एवं पशुपालन विभाग को दे दी गई है। पीड़ित किसान ने आपदा प्रबंधन विभाग से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
फोटो।