रोटरी गिरिडीह ने रक्तदान शिविर व सेवा कार्यक्रमों के साथ नए सत्र की शुरुआत की
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: रोटरी गिरिडीह ने नए सत्र 2026-27 के प्रथम दिवस पर बुधवार को सेवा संकल्प के तहत कई जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए। रोटरी नेक्सजेन के सहयोग से रोटरी नेत्र चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन पूर्व जिलापाल शिव प्रकाश बागड़िया एवं उप जिलापाल रवि चूड़ीवाला ने किया। शिविर में 32 लोगों ने रक्तदान किया, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल रहीं। सभी रक्तदाताओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस के अवसर पर शहर के 10 चिकित्सकों तथा दो चार्टर्ड अकाउंटेंट को पौधा और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा रोटरी नेत्र चिकित्सालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया तथा "रोटरी प्यार बांटते चलो" अभियान के तहत 100 जरूरतमंदों को भोजन कराया गया कार्यक्रमों के सफल आयोजन में रोटरी गिरिडीह के अध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता, सचिव मनीष बर्णवाल, रोटरी नेक्सजेन के अध्यक्ष विशाल पिलानिया, सचिव अमर गुप्ता सहित रोटरी सदस्यों एवं ब्लड बैंक कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





