अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ का 76वां स्थापना दिवस मनाया गया
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: एलआईसी शाखा कार्यालय, गिरिडीह में बुधवार को अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ का 76वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संघ की उपाध्यक्ष कुमकुम बाला वर्मा द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन मंडलीय सांगठनिक सचिव अनुराग मुर्मू ने किया संघ के सचिव धर्म प्रकाश ने स्थापना दिवस के अवसर पर संघ के इतिहास और योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ की स्थापना 1 जुलाई 1951 को हुई थी। उन्होंने कहा कि संघ ने स्थापना काल से ही बीमा क्षेत्र के राष्ट्रीयकरण की मांग को लेकर संघर्ष किया, जिसके परिणामस्वरूप देश की 250 निजी बीमा कंपनियों का राष्ट्रीयकरण हुआ और 1 सितंबर 1956 को भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की स्थापना हुई उन्होंने कहा कि एलआईसी ने 5 करोड़ रुपये की पूंजी से शुरुआत कर आज 55 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परिसंपत्तियां अर्जित कर ली हैं। देश की आर्थिक मजबूती में एलआईसी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है तथा आधारभूत संरचना के विकास में निगम ने 44 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है।धर्म प्रकाश ने केंद्र सरकार द्वारा एलआईसी के शेयरों के विनिवेश पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले 3.5 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची गई और अब 7 प्रतिशत अतिरिक्त शेयरों के विनिवेश की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने इसे निगम को कमजोर करने और निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाला कदम बताते हुए कहा कि संघ सरकार की निगम विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन करेगा स्थापना दिवस के अवसर पर एलआईसी शाखा कार्यालय परिसर में सत्तू शर्बत वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें 500 से अधिक लोगों को शर्बत पिलाया गया कार्यक्रम में पेंशनर संघ के लक्ष्मी नारायण गुप्ता, संहिता सरकार, डेनियल मरांडी तथा बीमा कर्मचारी संघ के अनुराग मुर्मू, कुमकुम बाला वर्मा, विजय कुमार, राजेश कुमार उपाध्याय, उमानाथ झा, रोशन कुमार, सुनील कुमार वर्मा, राजेश कुमार, विनय कुमार, अंशु सिंघानिया, सबा प्रवीण, प्रदीप कुमार, अभय कुमार, मो. महफूज़ अली, कुलजीत कुमार, देवनाथ दास, प्रभाष कुमार, संजय कुमार शर्मा, प्रदीप प्रसाद, घनश्याम साव सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।





