BREAKING NEWS

logo

कल दुबई से पहुंचेगा प्रवासी मजदूर लालचंद महतो का शव


 रांची एक्सप्रेस संवाददाता बगोदर 

बगोदर (गिरिडीह): बगोदर थाना क्षेत्र के तिरला निवासी प्रवासी मजदूर लालचंद महतो का शव लगभग एक माह बाद मंगलवार को दुबई से उनके पैतृक गांव पहुंचेगा। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह 7:30 बजे उनका पार्थिव शरीर कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेगा, जहां से एंबुलेंस के माध्यम से तिरला लाया जाएगा।
बताया जाता है कि लालचंद महतो रोजगार की तलाश में जनवरी 2026 में दुबई गए थे। वहां एक कंपनी में काम शुरू करने के कुछ समय बाद उनकी नौकरी चली गई। इसके बाद वे आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों से जूझते रहे। इसी दौरान उनका पासपोर्ट और वीजा भी गुम हो गया, जिससे भारत लौटना संभव नहीं हो सका। लगातार प्रयासों के बीच 5 जुलाई 2026 को तबीयत बिगड़ने से उनकी मृत्यु हो गई।
प्रवासी हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने बताया कि काफी प्रयासों के बाद लालचंद महतो का शव भारत लाया जा सका है। उन्होंने झारखंड सरकार से मांग की है कि आर्थिक रूप से कमजोर इस परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि लालचंद महतो के पिता वर्ष 2013 से मुंबई से लापता हैं, जिससे परिवार पहले से ही गंभीर संकट में है।