बूथों पर पहुंचे उपायुक्त, मतदाता सूची की जांच की; बोले- 4 सितंबर तक नाम जुड़वाने और सुधार का मौका, कोई पात्र मतदाता न छूटे
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर-2026 अभियान के तहत बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव स्वयं मतदान केंद्रों पर पहुंचे और प्रारूप मतदाता सूची एएसडीडीएफ सूची तथा दावा-आपत्ति प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार सभी कार्य पूरी पारदर्शिता, समयबद्धता और बिना किसी त्रुटि के संपन्न कराए जाएं उपायुक्त ने बताया कि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और त्रुटि सुधार के लिए दावा आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है या किसी प्रकार की गलती है, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर समय रहते आवेदन करें निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर पहुंचे मतदाताओं से संवाद कर अपील की कि वे अपने साथ-साथ परिवार के सभी सदस्यों का नाम प्रारूप मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी सदस्य का नाम दूसरे मतदान केंद्र पर दर्ज है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो प्रपत्र-8 के माध्यम से सुधार कराया जा सकता है उन्होंने बीएलओ को प्रपत्र-6, 7 और 8 की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया उपायुक्त ने कहा कि "लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत सटीक और त्रुटिरहित मतदाता सूची है। इसलिए हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






