BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त ने समाहरणालय सभागार में की बैठक


विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त, सिंहभूम (कोल्हान) श्री रविरंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, डीईओ, ईआरओ, एईआरओ के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री राजीव रंजन, सचिव क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार श्री रुन्थु महतो, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) सहित संबंधित पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान जिले में SIR-2026 के तहत संचालित कार्यों की प्रगति एवं आगामी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। SIR के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 05 अगस्त 2026 को किया जा चुका है तथा दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि 05 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक निर्धारित है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है। 

प्रमंडलीय आयुक्त श्री रविरंजन कुमार विक्रम ने निर्देशित किया कि SIR की प्रक्रिया में कोई भी योग्य मतदाता, मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा किसी भी अयोग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो, इसका विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप संपन्न कराने का निर्देश दिया।

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार सत्यापन एवं निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, पात्र मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं प्रक्रिया से अवगत कराने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बैठक में SIR के तहत घर-घर भ्रमण, Enumeration Form से संबंधित कार्य, ASDD सूची के सत्यापन तथा मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया वर्तमान में निर्धारित अवधि के अनुसार संचालित है।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी SIR की प्रक्रिया को सफल बनाने हेतु आवश्यक सहयोग एवं समन्वय की अपेक्षा की गई। प्रशासन एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समन्वित प्रयास से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया गया।

प्रमंडलीय आयुक्त ने 48– जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आदर्श आरक्षी मध्य विद्यालय, गोलमुरी एवं इनकैब केरला पब्लिक स्कूल स्थित बूथों का भ्रमण कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत किए जा रहे कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित मतदान केंद्रों के बूथ लेवल पदाधिकारियों द्वारा उनके क्षेत्रों में मतदाता सत्यापन, पात्र नागरिकों के पंजीकरण, मतदाता सूची की शुद्धता तथा घर-घर संपर्क के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की एवं मौके पर मौजूद पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
   
===========================