घाटशिला पंचायत में SIR-2026 को लेकर BLO एवं BLA-2 की बैठक, मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण पर दिया गया जोर
घाटशिला प्रखंड अंतर्गत घाटशिला पंचायत स्थित बोर्ड मध्य विद्यालय परिसर में मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत BLO एवं BLA-2 की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करना तथा सभी संबंधित पक्षों को इसकी प्रक्रिया से अवगत कराना था।
बैठक में 30 जून 2026 से प्रारंभ हुए मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के अंतर्गत सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के BLA-2, चुनाव पाठशाला के सदस्यों, सामान्य मतदाताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पिछले चुनाव के निर्वाचन अभिकर्ताओं सहित अन्य राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उपस्थित प्रतिभागियों को मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार तथा पात्र मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में पर्यवेक्षक शेख अब्दुल सामद एवं अनीता सामद के अलावा BLO बिंदु चौधरी, रूबी मोदक, शाहजहां परवीन, भारती ओझा, काजल चौधरी, मीता मिश्रा, ममता दे एवं अरुणा दे उपस्थित रहीं। वहीं झामुमो पंचायत अध्यक्ष सुब्रतो दे, सोमेन मिश्रा, लाल मोहन सिंहदेव, मोहन नमाता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने भी बैठक में भाग लेकर SIR-2026 अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान सभी BLA-2 एवं BLO से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने की अपील की गई।





