पियलसोला में 200 केवी ट्रांसफॉर्मर का उद्घाटन, ग्रामीणों को मिली राहत।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत पियलसोला गांव के नीचेपारा टोला में गुरुवार को 200 केवी के नए ट्रांसफॉर्मर का उद्घाटन किया गया। कांग्रेस कमेटी के जामताड़ा प्रखंड अध्यक्ष दाऊद अंसारी एवं जिला कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे ने संयुक्त रूप से फीता काटकर ट्रांसफॉर्मर का उद्घाटन किया।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले करीब 10 दिनों से ट्रांसफॉर्मर खराब रहने के कारण पूरा टोला अंधकार में डूबा हुआ था। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने ट्रांसफॉर्मर बदलने के लिए लगातार प्रयास किया। इसके बाद स्थानीय विधायक सह स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के प्रयास से 100 केवी के स्थान पर 200 केवी क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया गया।
नए ट्रांसफॉर्मर के लगने और बिजली आपूर्ति बहाल होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सहित इस कार्य में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि अधिक क्षमता वाला ट्रांसफॉर्मर लगने से बिजली की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।






